चंदौसी। पितृ पक्ष की अमावस्या के समापन के साथ ही शहर में शारदीय नवरात्र की तैयारियां पूरी हो गई हैं। रविवार से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र को लेकर पूरा शहर भक्तिमय हो गया है। घरों से लेकर मंदिरों तक नौ देवियों के स्वागत की जोरदार तैयारी है।
नवरात्र से एक दिन पहले शनिवार को सभी मंदिरों को बिजली की रंग-बिरंगी झालरों, फूल-मालाओं और आकर्षक लाइटों से भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिरों में लाइटिंग के बाद रात में अलौकिक दृश्य नजर आ रहा है। वहीं घरों में भी नवरात्र को लेकर उत्साह चरम पर है। लोगों ने नौ देवियों की पूजा और घट स्थापना के लिए पूरी तैयारी कर ली है।
हवन-पूजन के लिए आम की लकड़ियों से लेकर कलश, जौ, नारियल, चुनरी, धूप-दीप और अन्य सभी पूजा सामग्री जुटा ली गई है। नवरात्र के चलते धार्मिक और पूजा-पाठ की सामग्री बेचने वाली दुकानों पर शनिवार को दिनभर खरीदारों की भारी भीड़ रही। सुबह से देर रात तक लोग व्रत और पूजा से संबंधित सामग्री की खरीदारी करते नजर आए। दुकानदारों के अनुसार फलाहार, माता की चुनरी, शृंगार सामग्री और घट स्थापना के सामान की सबसे अधिक मांग रही।