अधिवक्ताओं ने तहसील न्यायालयों का बहिष्कार कर की नारेबाजी
चंदौसी (संभल)। तहसील बार एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील न्यायालयों का बहिष्कार किया तथा तहसील गेट पर जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि तहसील न्यायालयों व चकबंदी न्यायालयों में व्यापक भ्रष्टाचार व अनियमितताओं का बोलबाला है। जिससे कर्मचारी अपना कार्य समय व जिम्मेदारी से नहीं कर रहे हैं। तहसील के 14 गांवों का अंतिम अभिलेख तैयार करने को संभल को स्थानांतरण करने के विरुद्ध अधिवक्ता आंदोलनरत है। सभी अधिवक्ताओं ने सुबह 11 बजे तहसील गेट पर एकत्र होकर न्यायालयों का बहिष्कार कर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके उपरांत बैठक का आयोजित की गई, जिसमें निर्णय लिया गया कि जब तक समस्त समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता है, तब तक अधिवक्ता तहसील परिसर स्थित समस्त न्यायालयों का बहिष्कार जारी रखेंगे। इस दौरान अध्यक्ष राघव सिंह यादव, सचिव महीपाल सिंह, दिनेश यादव, बलराम शर्मा, गजेंद्र सिंह, रामगोपाल सैनी, धनवीर सिंह यादव, नरेश कुमार, पिंटेश शर्मा, बाबूलाल, अमर सिंह, राजेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, नेत्रपाल सिंह, ओमप्रकाश प्रजापति, रितेश कुमार, ओम प्रकाश राव आदि मौजूद रहे।