तहसील गेट पर अधिवक्ताओं का धरना प्रदर्शन आठवें दिन भी जारी रहा
चंदौसी (संभल)। तहसील गेट पर अधिवक्ताओं का धरना प्रदर्शन आठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन कर रहे अधिवक्ता अपने साथी अधिवक्ता के हमलावरों को गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मगर घटना के एक माह बाद भी बहजोई पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है, जिससे अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है।
पिछले आठ दिन से तहसील बार एसोसिएशन से बैनर तले तहसील गेट पर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। शुक्रवार को धरनास्थल पर वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ताओं को धरना प्रदर्शन करते हुए आठ दिन हो गए हैं। इसके बाद अधिवक्ता पर जानलेवा हमला करने वाले हमलावर फरार हैं। घटना के एक माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। बहजोई पुलिस की कार्यप्रणाली से अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। जबकि कुछ दिन पहले धरनास्थल पर पहुंचे बहजोई सीओ ने शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। जब तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक अधिवक्ताओं का धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इस अवसर पर मोहम्मद खालिद सैफी, परवेज आलम, मोहम्मद इसरार, सुबोध कुमार, चिरंजी लाल राणा, सत्यवीर सिंह, राघव सिंह यादव, महीपाल सिंह, इशरत अली, संतोष सैनी, दिनेश यादव, शीश पाल सिंह, नेपाल सिंह, मुकेश शर्मा, बलराम शर्मा, प्रेमपाल सिंह यादव, ब्रजेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।