संभल। हापुड़ घटना, संभल के चिकित्सक द्वारा अधिवक्ता के साथ मारपीट और पश्चिमी हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग के समर्थन में अधिवक्ताओं ने कलमबंद हड़ताल जारी रखी। बैठक करके घटनाओं पर निंदा की व्यक्त की गई। साथ ही सीएम को पत्र भेजा गया। इसमें अधिवक्ताओं को न्याय देने के लिए दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की करने की मांग की गई है।
हापुड़ घटना को लेकर अधिवक्ताओं का रोष लगातार सामने आ रहा है। बुधवार को भी जिले की तहसील संभल, चंदौसी और गुन्नौर में अधिवक्ताओं ने कलमबंद हड़ताल की। अधिवक्ताओं की मांग की है कि हापुड़ घटना के जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संभल में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम ने कहा कि बुधवार को भी कलमबंद हड़ताल रखी गई थी। इस दौरान अब्दुल रहमान, अब्दुल जब्बार, मोहम्मद ताहिर, मोहम्मद मतीन, गजनफर हुसैन, सचिन पाल, सुरेंद्र सागर, दीप वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।