संभल। लखनऊ में हुए हादसे के बाद जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। इसी क्रम में अब जिलेभर में बेसमेंट व मानकविहीन तरीके संचालित कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी पर अंकुश लगाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को संभल के नायब तहसीलदार ने दो कोचिंग सेंटर और दो लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। इसमें दो कोचिंग सेंटर बेसमेंट में संचालित होते मिले। इन दोनों ही सेंटर में एक ही गेट लगा है। इससे पूरी तरह असुरक्षा जाहिर हुई। नायब तहसीलदार ने दोनों सेंटर बंद करा दिए हैं। जो विद्यार्थी बैठे हुए थे उनको घर भेज दिया गया।
नायब तहसीलदार अरविंद कुमार ने बताया कि शहर के मोहल्ला कोट पूर्वी में निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। दो कंप्यूटर सेंटर और दो कोचिंग सेंटर की जांच की गई। जांच में पाया गया कि दो कोचिंग सेंटर बेसमेंट में चल रहे थे। अन्य दो सेंटर ऊपरी तल पर थे।
नायब तहसीलदार ने बताया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण कक्षाएं बंद करा दी हैं। मालूम हो जिलेभर में यह अभियान चलाया जा रहा है। फायर सेफ्टी व अन्य मानक को परखा जा रहा है। जहां मानक पूरे नहीं पाए जाएंगे वहां कार्रवाई की जाएगी।
00000000