सिंहपुरसानी। ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती अपने पड़ोस में रहने वाले प्रेमी के घर सोमवार की शाम छह बजे पहुंच गई और शादी करने की जिद पर अड़ गई। प्रेमी युवक के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस प्रेमी युगल को थाने ले गई। जहां प्रेमी युगल तो शादी करने की जिद पर अड़े हैं लेकिन दोनों के परिजन शादी करने को इसलिए मना कर रहे हैं क्योंकि दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं।
युवती ने युवक के परिजनों को बताया कि वह दोनों एक दूसरे को प्रेम करते हैं और शादी करना चाहते हैं। युवक ने भी इस पर हामी भर दी। थाने में पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि युवक और युवती एक ही मोहल्ले में रहते हैं। इसलिए दोनों के बीच बहन भाई का रिश्ता हुआ। इसलिए शादी नहीं हो सकती। युवती अपनी जिद पर अड़ी है। देर रात तक इस मामले में हल नहीं निकला और थाने में ही प्रेमी युगल बैठे रहे।