नगर में कुछ दिन पहले सील किए गए नर्सिंग होम पर एक बार फिर से कार्रवाई की गई है। डीएम के निर्देश पर गठित की गई समिति की जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर डिप्टी सीएमओ डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि 11 सितंबर को बहजोई के काली मंदिर रोड पर नर्सिंग होम में उपचार के दौरान महिला की मौत होने की जानकारी होने पर निरीक्षण किया गया था। इस दौरान संचालक की ओर से नर्सिंग होम के संचालन को लेकर कोई भी अभिलेख नहीं दिखाए गए थे। इसको लेकर निजी अस्पताल के कमरों को सील कर संचालक के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। यह बात सामने आई थी कि नर्सिंग होम को पहले भी 27 मई को प्राइवेट प्रेक्टिशनर डॉ. मनोज चौधरी ने निरीक्षण कर सील किया था। उन्होंने बताया कि नर्सिंग होम में महिला की मौत के बाद जिलाधिकारी की ओर से जांच समिति गठित की गई थी। जांच समिति ने 17 सितंबर को निरीक्षण किया तो अस्पताल की गैलरी में कुछ गद्दे व 5-6 बेड पड़े हुए थे और 2-3 बैंच भी थीं। एक युवक भी मौके पर था। इस बीच पहले बंद मिले पांच कमरे खुले हुए पाए गए। इनको सील किया गया। अस्पताल संचालक समेत एक अन्य युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज लवानियां ने बताया कि डिप्टी सीएमओ की तहरीर पर नर्सिंग होम संचालक डॉ. मुकेश समेत अनस निवासी गांव चितनपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जालब सराय में झोलाछाप का अपंजीकृत क्लीनिक सील
संभल। मुख्य चिकित्सा अधिकारी से झोलाछाप द्वारा क्लीनिक चलाने की शिकायत की गई थी जिसके बाद संभल क्षेत्र के नोडल अधिकारी रविवार को जालब सराय पहुंचे और झोलाछाप का क्लीनिक सील कर दिया। नोडल अधिकारी डॉ. संतोष पटेल ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर जालब सराय गांव गए थे। मौके पर आरिफ नाम के व्यक्ति द्वारा अपंजीकृत क्लीनिक चलता मिला। क्लीनिक को सील कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।