संभल। ऐंचोड़ा कंबोह में स्थित श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद भवन के प्रधानमंत्री कक्ष में मुलाकात की है। पीठाधीश्वर ने प्रधानमंत्री को श्री कल्कि धाम का अंग वस्त्र एवं प्रसाद अर्पित किया। साथ ही श्री कल्कि धाम के निर्माण से संबंधित जानकारी साझा की।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बताया कि यह मुलाकात सुबह 11.50 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चली। श्री कल्कि धाम के निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री को बताया कि तीन वर्ष में श्री कल्कि धाम का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। पीठाधीश्वर ने बताया कि विश्व की पहली श्री कल्कि कथा के बारे में भी चर्चा हुई और कथा का प्रसाद भी अर्पित किया।
मालूम हो श्री कल्कि धाम का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 फरवरी 2024 को किया था। लंबे समय से शिलान्यास का इंतजार कल्कि भक्त कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने श्री कल्कि धाम के निर्माण को लेकर आचार्य प्रमोद कृष्णम की काफी प्रशंसा की थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में पहुंचे थे। निर्माण शुरू होने के बाद से सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों का आवागमन शिलादान करने के लिए लगा रहता है।