संवाद न्यूज एजेंसी संभल। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता का उल्लेख करते हुए दिए गए बयान मोदी जाएगा, मोदी का बाप भी जाएगा पर कड़ा ऐतराज जताते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने दिवाली के अवसर पर मर्यादा और आस्था की एक नई लकीर खींची। उन्होंने अभद्र भाषा की राजनीति करने वालों को श्री कल्किधाम के गर्भगृह से आईना दिखाया है। आचार्य ने कहा कि दिवाली पर श्री कल्किधाम के गर्भगृह की पवित्र शिलाओं पर जो चिराग रोशन हुए हैं, उनकी दैवी लौ में साफ-साफ यह संदेश अंकित है कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे। यह केवल दीयों का उजाला नहीं, बल्कि उस सनातन विश्वास की अभिव्यक्ति है जो राष्ट्र के नेतृत्व को अटूट मानती है। वक्तव्य को और अधिक धार देते हुए आचार्य ने कहा कि जिस तरह इस सृष्टि और जनमानस के हृदय से भगवान श्रीराम को कभी अलग नहीं किया जा सका और वे कहीं नहीं गए, ठीक उसी प्रकार भारत के कोटि-कोटि जनों के संकल्प बनकर उभरे श्री नरेंद्र मोदी भी कहीं नहीं जाएंगे। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने विरोधियों को चेतावनी भरे लहजे में और बेहद प्रभावी ढंग से कहा कि मोदी कोई रेत पर लिखा नाम नहीं हैं, जिसे विरोध और अभद्र टिप्पणियों की लहरें आकर मिटा दें। यह संदेश न केवल एक राजनीतिक जवाब है, बल्कि दिवाली के प्रकाश पर्व पर मर्यादा, सनातन मूल्यों और दृढ़ इच्छाशक्ति का एक ऐसा अद्भुत संगम है जो हर देशभक्त के मन में राष्ट्रवाद की अलख जगाता है।