संभल। कोतवाली क्षेत्र के गांव भवानीपुर स्थित ससुराल में रह रहे हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर मुंजब्ता निवासी रूपकिशोर ने आत्महत्या की थी। आत्महत्या के लिए उकसाने की आरोपी पत्नी प्रीति और सास राजबाला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिलाओं को न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया है। मृतक के भाई ने तहरीर में बताया था कि उनके भाई की शादी चार वर्ष पहले गांव भवानीपुर निवासी प्रीति के साथ हुई थी। दो वर्ष पहले भाई की पत्नी गांव हसनपुर मुंजब्ता से गांव भवानीपुर स्थित मायके में आकर रहने लगी थी और भाई को भी गांव में ही रोक लिया था। मृतक के भाई का आरोप था कि पत्नी और सास से प्रताड़ित होकर उसके भाई ने आत्महत्या की थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी महिलाओं की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी महिलाओं को न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया है।