धनारी(संभल)। अपहरण के बाद दो सगे भाइयों की हत्या का आरोपी युवक दो माह बाद भी गिरफ्तार न होने पर उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया है। इससे पूर्व फरार युवक पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है।
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव मेथरा निवासी रामौतार के दो बेटों का धनारी थाना क्षेत्र के मझोला फतेहपुर से पिछले वर्ष 26 नवंबर को अपहरण कर पहले बड़े और बाद में छोटे भाई की हत्या कर दी गई थी। दोनों की हत्या कर शव को अलग-अलग स्थानों पर डाल दिया गया था। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गईं थीं, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका था।
मालूम हो कि अपहरण के बाद 12 साल के अमरपाल का शव 29 नवंबर को रजपुरा थाना क्षेत्र में एक गन्ने के खेत से बरामद हुआ था, जबकि अपहरण के 17 दिन बाद दूसरे भाई दस वर्षीय कमल सिंह की हत्या कर उसकी लाश को भकरौली के तालाब में डाल दिया गया था। अमरपाल को गला दबाकर मारा गया था और दूसरे के सिर में गहरी चोटें मारकर हत्या की गई थी। आरोपी को पकड़ने के लिए एसओजी पुलिस के साथ पांच थाने की पुलिस आरोपी धनवीर को नहीं खोज पाई।
बीती 17 दिसंबर को आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 22 दिसंबर को कुर्की के आदेश के बाद 23 को आरोपी के घर कर नोटिस चस्पा किया गया। आरोपी न तो कोर्ट में सरेंडर हुआ और न पुलिस उसे खोज पाई। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि आरोपी को भगोड़ा घोषित कर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।