धनारी। तीन दिन पूर्व खेत की तारबाड़ में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से बैल व किसान की मौत के मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या में नामजद आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
हरफरी निवासी किसान निहाल सिंह (65) रविवार की सुबह खेत की जुताई करने गए थे। खेत की जुताई करते समय पड़ोस के खेत में लगे तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आए बैल को बचाने के प्रयास में किसान निहाल सिंह भी आ गए। इससे निहाल सिंह व बैल की मौके पर ही मौत हो गई थी। खेत पर पहुंचे एक बच्चे ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव को खेत से उठाकर घर ले आए थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया था। मृतक के पुत्र अवधेश ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई ओमपाल ने खेत की मेड पर तार में एलटी लाइन का करंट लगा दिया था। सुबह को तार हटा नहीं पाए और उसकी चपेट में आने से पिता और एक बैल की मौत हो गई।
अवधेश की तहरीर पर प्रताप और ओमपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बुधवार को पुलिस ने आरोपी प्रताप को गिरफ्तार कर लिया और कार्रवाई करते हुए कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश पाल ने बताया कि गैर इरादतन हत्या में नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चालान कर कोर्ट में पेश किया गया।