चलती बाइक पर वीडियो बनाते समय नखासा थाना क्षेत्र के संभल-हसनपुर मार्ग पर गांव खग्गुपुरा में हादसा हो गया। इसमें मुरादाबाद जिले के थाना कुंदरकी अंतर्गत गांव इमरतपुर सिरसी निवासी सरजीत (27) पुत्र रनवीर की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे उमेश को चोट लगी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव और घायल को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही परिजनों को सूचना दी।
परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम को करीब तीन बजे सरजीत और उमेश बाइक से एटीएम से रुपये कुंदरकी से निकालने की बात कहकर गए थे। उमेश फोटोग्राफी का काम करता है तो उसके कुछ रुपये अमरोहा के हसनपुर में किसी व्यक्ति पर आ रहे थे। वह उन रुपयों को लेने जाने की बात कहकर सरजीत को भी साथ ले गया। शाम करीब सात बजे रास्ते में हादसे के दौरान मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई कुलदीप ने बताया कि वह चार बहन और चार भाई हैं। सरजीत तीसरे नंबर का था और टाइल्स लगाने का काम करता था।
नखासा थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक की जांच पड़ताल में हादसा चलती बाइक पर वीडियो बनाने के दौरान होने की बात सामने आई है। तहरीर मिली नहीं है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।