मुरादाबाद। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर लोदीपुर सीएनजी पंप के पास शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे किसी वाहन ने मेरठ में तैनात दरोगा अनिल कुमार के भाई कुलदीप कुमार (34) की बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में कुलदीप कुमार की मौत हो गई। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की तलाश में जुटी है। हादसे में जान गंवाने वाले कुलदीप कुमार संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के मनोटा गांव के निवासी थे। कुलदीप के भाई अनिल कुमार ने बताया कि शुक्रवार को कुलदीप की पत्नी नीरज रक्षाबंधन पर अपनी तीनों बेटियों आराधना, कनक और तनिष्का को साथ लेकर अपने मायके पाकबड़ा गई थी। इसके बाद कुलदीप भी ससुराल गया था। शुक्रवार की शाम करीब साढ़े सात बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर लोदीपुर सीएनजी पंप के पास उसे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवा दिया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ हाईवे वरुण कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन और चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।