आग की लपटें उठती देख परिवार के लोग जाग गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ित के मुताबिक, आग लगने से 1.5 लाख रुपये, सोने चांदी के जेवरात सहित करीब चार लाख का सामान जलकर राख हो गया।
थाना क्षेत्र के करछली गांव निवासी मुकेश पुत्र जयराम सिंह गांव-गांव जाकर मशीन से कुट्टी काटने का काम करते हैं। शुक्रवार की रात्रि मुकेश परिवार के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। आधी रात के बाद मुकेश के घर में आग लग गई। आग लगने के बाद गृहस्वामिनी हेमवती की आंख खुली तो कमरे से लपटें उठ रहीं थीं।
महिला के शोर पर परिवार के अन्य लोग भी जाग गए। शोर शराबा बढ़ने पर आसपास के घरों के लोग भी जाग गए। ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गृहस्वामी मुकेश ने बताया कि जिस कमरे में आग लगी है उसमें उसके बेटे की शादी में मिले सामान रखे थे। इन दिनों खेत से जो फसल आई थी उसे बेचकर उसके करीब 1.5 लाख रुपये भी घर में ही रखे थे। आग लगने से 1.5 लाख रुपये, सोने चांदी के जेवरात, डबल बेड, सोफा सेट, ड्रेसिंग टेबल, अलमारी और कपड़े आदि सामान जलकर राख हो गया।