आए दिन बैंकों में कनेक्टिविटी जाने से लोग परेशान हैं। जुनावई की पीएनबी शाखा में आज शाम तक कनेक्टिविटी के गायब रहने पर दूर दराज के गांव से पैसे लेने आई आधी से ज्यादा जनता परेशान होकर वापस लौट गई। वहीं शाखा प्रबंधक ने इमरजेंसी लाइन से आधे से कम लोगों को पेमेंट दिया।
जुनावई पीएनबी शाखा में आज सुबह से ही लीज लाइन के खराब होने पर कनेक्टिविटी गायब हो गई। जब इस संबंध में शाखा के प्रबंधक एनके मिश्रा ने कनेक्टिविटी गायब होने की जानकरी हासिल की तो बताया कि लाइन में फाल्ट है। बाद में जनता की परेशानी को देखते हुए शाखा प्रबंधक ने वी सैट लाइन से कनेक्टविटी चालू कर शाम साढ़े तीन बजे तक 250 लोगों को दस लाख रुपये का कैश बांटा। इसके बाद यह लाइन भी साथ छोड़ गई।
वहीं इस मौके पर शाखा प्रबंधक ने बताया वी सैट लाइन के माध्यम से एक दो सैट ही चलाए जा सकते हैं। इस लाइन से अधिक सैट चलाये जाने पर यह काम करना बंद कर देती है। इसी के साथ साढ़े तीन बजे तक बैंक में कनेक्टिविटी न आने पर ग्रामीण क्षेत्र से आई जनता बिना पैसा लिए ही घर लौट गई। चंदौसी में भी लोगों को समस्याएं झेलनी पड़ी।