बनियाठेर। बदायूं जिले के वजीरगंज में हुए सड़क हादसे में थाना बनियाठेर के गांव अल्हैदादपुर चंपू के रहने वाले बाइक सवार गोपाल (28) की मौत हो गई। हादसे में उनका भतीजा अभि गंभीर रूप से घायल हो गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार में चीख पुकार मची हुई है। गांव अल्हैदादपुर चंपू निवासी गोपाल पुत्र मुरारी ग्रामीण क्षेत्रों में जलनिगम की ओर से ठेकेदार के माध्यम से पाइप लाइन डालने का काम करता था। परिजनों के अनुसार शनिवार को गोपाल परिवार के साथ मनौना धाम खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए जा रहा था। टेंपो में पत्नी सुमन, आठ वर्षीय बेटा शिवांश, तीन साल की बेटी रितिका थे। वह अपने भतीजे अभि पुत्र बलवंत के साथ बाइक पर था। बदायूं के वजीरगंज के पास सामने से आ रही पिकअप गाड़ी से ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। भतीजा अभि गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं भतीजे का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।