गुन्नौर। पत्नी के छोड़कर जाने के बाद अकेले रह रहे युवक ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली है। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी है। क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी अमर सिंह (25) शाम करीब छह बजे घर के अंदर छत में लगे कुंडे में धोती का फंदा बनाकर लटक गया। उसके पिता मजदूरी करते हैं और काम पर गए थे। युवक की मां गुन्नौर बाजार से घर का सामान लेने के लिए आई हुई थी।
जब वह घर वापस पहुंची, तो कमरे के अंदर अमर सिंह का शव लटका मिला। यह देखकर उनकी चीख निकल गई। आनन - फानन में परिजनों ने उसे ऊपर फंदे से नीचे उतारा। तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि मृतक अमर सिंह की शादी दो वर्ष गोरखपुर जिले की महिला से हुई थी। करीब एक साल साथ रहने के बाद महिला उसे छोड़कर चली गई और वह वापस नहीं आई। महिला के जाने के बाद में वह शराब पीने का आदी बन गया। हर रोज शराब पीता था, बहुत ही कम काम करता था।
युवक की मौत के बाद घर वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। गुन्नौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अतर सिंह ने बताया कि अभी इस प्रकार की कोई भी सूचना पुलिस को नहीं मिली है, यदि किसी की तहरीर आती है, तो मामले की जांच के बाद में कार्रवाई की जाएगी