कस्बे के गांव नूरपुर से आधा किलोमीटर दूर तीव्र मोड़ पर मंगलवार सुबह एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में नूरपुर गांव निवासी अनिल सिंह (21) की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने बताया कि अनिल अपने मौसेरे भाई के साथ बुलंदशहर गेहूं निकालने वाली मशीन खरीदने जा रहा था।
बबराला कस्बे के गांव नूरपुर निवासी अनिल सिंह पुत्र सीताराम सिंह मंगलवार सुबह सात बजे करीब अपने मौसेरे भाई गब्बर पुत्र महेंद्र सिंह के साथ खेत से गेहूं निकालने वाली कटर मशीन खरीदने जिला बुलंदशहर के नरौरा ट्रैक्टर से जा रहा था। परिजनों ने बताया कि जैसे ही दोनों भाई गांव से आधा किलोमीटर दूर पहुंचे। तो वहां तीव्र मोड़ आने पर उनका ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में अनिल सिंह की ट्रैक्टर के नीचे दब कर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका मौसेरा भाई गब्बर गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर मौके पर आए परिजनों की चीख पुकार मच गई। उन्होंने घायल गब्बर सिंह को नजदीक के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के मृतक का दाह संस्कार कर दिया। उन्होंने बताया कि अनिल अविवाहित था और अपने बहन भाइयों में छठे नंबर का था।