संभल। चंदौसी मार्ग पर मोहल्ला डाक बंगला निवासी सोनू (22) की शुक्रवार को सुबह 11 बजे घर में कपड़ों पर प्रेस करते वक्त करंट लगने से मौत हो गई। हालांकि डॉक्टर ने सोनू को मृत घोषित कर दिया, फिर भी जीवन की उम्मीद में परिजनों ने उन्हें पहले रेत में दबाया और फिर गोबर का लेप लगाया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मोहल्ला डाक बंगला निवासी दिनेश ने बताया कि भाई सोनू मजदूरी करते थे। सोनू की शादी पांच महीने पहले पूनम से हुई थी। शुक्रवार को सुबह सोनू घर में ही कपड़ों पर प्रेस कर रहे थे। अचानक सोनू को करंट लग गया। चीख निकली तो परिजन दौड़कर पहुंचे। सोनू को बेहोश देखकर निजी डॉक्टर को बुलाया गया। डॉक्टर ने सोनू को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों को जीवन की उम्मीद रही। आसपास के लोगों ने व्यवस्था करके रेत में सोनू को दबाया लेकिन फर्क नहीं हुआ। इसके बाद लोग सोनू को डॉक्टर के पास लेकर जाने लगे। तभी कुछ लोगों ने मना कर दिया तो लौट आए। सोनू के शरीर पर गोबर का लेप लगाया मगर कोई फायदा नहीं हुआ। सोनू की मौत पर मां भूरी और अन्य परिजन बिलखते रहे। बताते चलें कि सोनू तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटे थे।