संभल। बहजोई में कलक्ट्रेट के पास बड़ा मैदान में 124 करोड़ रुपये से बनने वाले 100 बेड के जिला अस्पताल का निर्माण फिलहाल लटक गया है। बजट से लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन चिह्नित की गई जमीन पर बहजोई निवासी चंद्रपाल आर्य की बेटी प्रतिभा आर्य ने अपना दावा ठोक दिया है। मामला हाईकोर्ट में लंबित होने की वजह से जिला अस्पताल का निर्माण शुरू नहीं हो सकता है।
संभल के बहजोई में अति आधुनिक 100 बेड के जिला अस्पताल के निर्माण के लिए शासन से मंजूरी के बाद बजट जारी हो चुका है। साथ ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दो दिन पहले कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी (भवन खंड) के अधिकारियों ने सर्वे किया तो जानकारी सामने आई कि जिस जमीन पर जिला अस्पताल के भवन का निर्माण किया जाना है, उस जमीन का मामला हाईकोर्ट में लंबित है। पीडब्ल्यूडी (भवन खंड) के एक्सईएन राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जब तक मामला कोर्ट में लंबित है, तब तक निर्माण शुरू नहीं किया जा सकता। इसकी एनओसी संबंधित विभाग से मिलनी है लेकिन वह एनओसी मिलेगी नहीं। इसलिए अभी निर्माण शुरू करने में समय लगेगा।
तीनों तहसील के लिए दूरी रहेगी कम
जिला अस्पताल बहजोई में बनने से चंदौसी से बहजोई की दूरी करीब 18 किलोमीटर रहेगी। जबकि गुन्नौर से यह दूरी करीब 30 किलोमीटर और संभल से 27 किलोमीटर की दूरी रहेगी। बहजोई में ही सीएमओ कार्यालय भी अस्थाई तौर पर संचालित है। यह भी बहजोई सीएचसी के भवन में संचालित होता है।
00000000000
कोट
टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दो दिन पहले सर्वे के लिए गए थे। इसी दौरान यह जानकारी मिली कि इस जमीन का मामला हाईकोर्ट में लंबित है। इसलिए फिलहाल तो निर्माण शुरू नहीं कराया जाएगा। कोर्ट से मामला निस्तारित होगा तभी निर्माण शुरू किया जाना है। - राजेंद्र बहादुर सिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी (भवन खंड) मुरादाबाद
बड़ा मैदान पर प्रस्तावित है डिग्री कॉलेज का निर्माण : प्रतिभा आर्य
बहजोई नगर के सराफा बाजार की निवासी प्रतिभा आर्य ने उच्च न्यायालय में दावा ठोका है। उनका कहना है कि वह आदर्श शिक्षा समिति की प्रबंधक हैं। इस समिति के द्वारा कलक्ट्रेट के बराबर में बड़ा मैदान पर डिग्री कॉलेज का निर्माण प्रस्तावित है। जिला प्रशासन द्वारा इस पर जिला अस्पताल के निर्माण कराने की बात सामने आई तो वह उच्च न्यायालय गई थीं।