चंदौसी।
मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए प्रयागराज महाकुंभ गईं चंदौसी के सुभाष रोड भगवत नगर की शमा मेहता (62) लापता हो गईं। वह अपनी बड़ी बहन के साथ 25 जनवरी को महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गईं थीं। चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उनका सुराग नहीं लगा है। परिजन परेशान हैं।सुभाष रोड भगवत नगर निवासी शमा मेहता अविवाहित हैं और यहां कॉलोनी में बने अपने मकान में अकेली रहती हैं। बड़ी बहन रजनी उर्फ गुड्डी व वीना सोसन दिल्ली के शाहदरा में रहती हैं। 25 जनवरी को शमा मेहता अपनी बड़ी बहन रजनी बख्शी उर्फ गुड्डी के साथ महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गईं थीं। 28 जनवरी की आधी रात में महाकुंभ संगम घाट के पास हादसा हो गया था। बड़ी बहन रजनी बख्शी उर्फ गुड्डी ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि 28 जनवरी की रात करीब डेढ़ बजे वह संगम घाट के निकट ही दूसरे घाट पर अपनी बहन शमा मेहता के साथ स्नान के लिए गई थीं। घाट के निकट पहुंची ही थीं, कि उसी समय भारी भीड़ आ गई। लोग दौड़ कर आ रहे थे, जिससे वह अपनी बहन के साथ चेजिंग रूम के पास खड़ी हो गईं। उन्होंने बताया कि उस दौरान एक लड़की धक्का मुक्की में गिर गई थी, उसे किसी तरह उठा कर बचाया। हादसा होने के बाद ढाई बजे स्नान किया। इसके बाद वापस लौटने लगी तो शमा मेहता पीछे चल रही थीं। कुछ देर बाद मुड़ कर देखा तो वह नजर नहीं आईं। आसपास तलाश किया, लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद असम के दो युवकों की मदद से पूछताछ काउंटर तक पहुंचीं। जहां लापता लोगों के लिए लाउडस्पीकर से एनाउंस किया जा रहा था। वहां भी भीड़ अधिक होने के बाद एनाउंसमेंट नहीं करा सकी। अकेले होने की वजह से सुबह दिल्ली के लिए वापस हो गई। उन्होंने बताया कि बहन की तलाश के लिए शनिवार की शाम वह दिल्ली से अपनी बहन वीना सोसन के साथ प्रयागराज के लिए ट्रेन से रवाना हो गईं।