सिरसी। सिरसी में संभल-मुरादाबाद मार्ग पर दादा मखदूम साहब की दरगाह के नजदीक मंगलवार की देर रात सीमेंट की बोरियों से भरा ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। जिससे ट्रक चालक खुर्रम घायल हो गया। ट्रक चालक अलीगढ़ के निवासी खुर्रम ने बताया कि वह अलीगढ़ से सीमेंट के कट्टे भरकर रुद्रपुर जा रहे थे। जैसे ही वह रात दो बजे के करीब सिरसी में संभल मुरादाबाद मार्ग पर पहुंचे तो झपकी आ गई। इससे ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया और काफी दूर तक घिसटता हुआ चला गया। जिससे ट्रक चालक घायल हो गया। गनीमत रही कि ट्रक पलटा नहीं, वरना आसपास से गुजर रहे वाहन उसकी चपेट में आ जाते। मालूम हो कि इसी जगह पर कई ट्रक डिवाइडर पर चढ़ कर पलट गए थे। सड़क तंग होने से संभल की ओर से आने वाले वाहन चालकों को रात में एक दम से डिवाइडर नहीं दिख पाता। जिससे वाहन डिवाइडर पर चढ़कर पलट जाते हैं। इस स्थान पर रिफ्लेक्टर वाले चिन्ह भी पीडब्ल्यूडी की ओर से नहीं लगाए गए हैं। इस कारण हादसे ज्यादा होते रहते हैं। संवाद