बहजोई(संभल)। संत उसे कहते हैं, जो भूले हुए परमात्मा को स्मरण करा देता है। जिसे देखकर परमात्मा की याद आ जाए, वह ही संत होता है। हनुमान जी में 32 गुण हैं। सब कुछ हनुमान जी में है। यह बखान हीरादेवी तोताराम कन्या इंटर कॉलेज परिसर में श्रीराम कथा सेवा समिति की ओर से चल रही भव्य श्रीराम कथा के दौरान तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने किया।
शनिवार को शाम करीब पांच बजे प्रारंभ हुई श्रीराम कथा का बखान करते हुए जगद्गुरु ने कहा कि हनुमान जी कहते हैं कि मेघनाद को मारने के लिए लक्ष्मण जी को धर्मरथ चाहिए और रावण को मारने के लिए प्रभु आपको। मैं आपका धर्मरथ हूं।
जगद्गुरु ने कहा कि धर्मरथ के 32 लक्षण और 32 दोहे हैं। वहीं, लंका में माता सीता व हनुमान के संवाद का प्रसंग सुनाते हुए जगद्गुरु ने कहा कि हनुमान ने लंका में पहुंचकर माता सीता से आशीर्वाद लिया। हनुमान जी बोले, मुझे भूख लग रही है माता। आज्ञा पाकर हनुमान जी ने फल खाकर भूख शांत करने के बाद राक्षसों को मार गिराया और सोने की लंका भी जला डाली।
जगद्गुरु ने सुनाया कि कुंभकर्ण के वध के पश्चात मेघनाद व लक्ष्मण जी का युद्ध हो रहा है। मेघनाद का लक्ष्मण जी वध कर रहे हैं। अंत में हनुमान जी की सहायता से श्रीराम ने रावण का वध कर दिया। सीता जी को भगवान ले आए। विभीषण को लंका का राज दे आए। राम जी पुष्पक विमान से आए। हनुमान जी नाच रहे हैं। आनंद कर दिया। राम जी राजा बने। अब सब वानरों को भेजने की बारी आई। राम जी ने वीर हनुमान को नहीं भेजा। तुलसी पीठाधीश्वर ने सुनाया कि हनुमान जी भगवान राम के धर्मरथ हैं। यदि धर्मरथ ही भगवान से दूर चला जाएगा, तो चारों ओर अधर्म फैल जाएगा।
इसके बाद सीता राम हनुमान-सीता राम हनुमान भजन के दौरान श्रोताओं की तालियों से पंडाल गूंज उठा। जयश्रीराम के जयघोष गूंजे। इसके बाद महाआरती कर प्रसाद वितरण किया गया। इस बीच सीओ दीपक कुमार तिवारी व सीआईएसएफ के सेवानिवृत डीआईजी शिवकुमार वाष्र्णेय समेत प्रमोद रोरा, अरविंद कुमार, तनुज गुरू, गोविंद इलेक्ट्रॉनिक्स, सचिन कुमार नन्हा, गोपाल सराफ, अवनेश सराफ, सुनील ब्रेड, अनीश वाष्र्णेय व अमित वाष्र्णेय आदि रहे।
राज्यमंत्री समेत अन्य भाजपाइयों ने सुना श्रीराम कथा का बखान
बहजोई। राज्यमंत्री गुलाब देवी व पूर्व एमएलसी रामस्वरूप राणा खड़गवंशी समेत भाजपाइयों में पालिकाध्यक्ष राजेश शंकर राजू, विकास वाष्र्णेय, मंजू दिलेर चौहान, नीरज वाष्र्णेय, अमित मोदी व विजय यादव ने भी पंडाल में पहुंचकर श्रीराम कथा का बखान सुना।
कई जिलों से श्रीराम कथा का रसपान करने आए श्रोता
बहजोई। संभल समेत अमरोहा, बदायूं, बुलंदशहर अलीगढ़ व मुरादाबाद आदि जिलों के क्षेत्रों से भी श्रोता भव्य श्रीराम कथा का रसपान करने पंडाल में आए।
जगद्गुरु के साथ फोटो खींचने की रही होड़
श्रीराम कथा का बखान करने के लिए पंडाल में आते समय जगद्गुरु का फोटो खींचने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ रही। खासी भीड़ होने के बावजूद श्रद्धालु एक झलक पाकर मोबाइल फोन से जगद्गुरु का फोटो खींचने की जुगत में रहे। यही हाल श्रीराम कथा के समापन पर जगद्गुरु के मंच से कार तक वापस लौटते हुए रहा। मोबाइल फोन से जगद्गुरु के फोटो खींचने को लेकर श्रद्धालु कोई भी कसर नहीं छोड़ रहे थे।