असमोली। सैदनगली-चौधरपुर मार्ग पर गांव ऐंचोड़ा कंबोह में थाने के निकट चलते ट्रैक्टर के दो हिस्से हो गए। इस हादसे में मित्रपाल (28) निवासी भटपुरा ट्रैक्टर के नीचे दबकर घायल हो गए। उन्हें सैदनगली में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी संतरेश ने बताया कि पति मित्रपाल (28) मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। रोजाना की तरह सोमवार को अन्य मजदूरों के साथ लिंटर डालने के लिए ट्रैक्टर और मशीन लेकर सैदनगली गए थे। सभी मजदूर लिंटर डालकर करीब चार बजे घर वापस लौट रहे थे। ऐंचोड़ा कंबोह थाने के निकट आए तो ट्रैक्टर के दो हिस्से हो गए।
इस हादसे में चालक कपिल, पास में बैठे चंदन और मित्रपाल घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मित्रपाल सड़क पर सिर के बल गिरे और ट्रैक्टर के नीचे दब गए। सूचना पर परिजन भी मौके पर आए और आनन फानन में सभी को उपचार के लिए सैदनगली के निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान मित्रपाल की मौत हो गई। संवाद