चंदौसी। शहर की स्टेशन रोड पर मामूली बारिश में भी गंभीर जलभराव की समस्या बनी हुई है। फव्वारा चौक से शहीद भगत सिंह स्मारक तक का क्षेत्र वर्षों से इस परेशानी से जूझ रहा है। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को हर साल भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
यह समस्या इतनी विकट है कि आधे घंटे की तेज बारिश में सड़क पर कमर तक पानी भर जाता है। इससे कारों और दोपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार वाहन बीच जलभराव में खराब हो जाते हैं, जिससे लोगों को उन्हें पैदल खींचकर निकालना पड़ता है। दुकानों के अंदर भी पानी घुसने लगता है। दुकानदारों ने अपने सामान को बचाने के लिए दुकानों के भीतर पक्के चबूतरे बनवाए हैं। यह स्थिति वर्षों से चली आ रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
जलभराव के कारण स्थानीय लोगों और दुकानदारों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। वाहनों के खराब होने से समय और धन दोनों का नुकसान होता है। दुकानों में पानी घुसने से व्यापार प्रभावित होता है और सामान खराब होने का खतरा रहता है। इस गंभीर समस्या से निजात पाने के लिए स्थानीय लोग लंबे समय से प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं।
अतिक्रमण भी बना जलभराव की वजह
स्टेशन रोड पर मामूली बारिश में जलभराव की एक वजह अतिक्रमण भी है। एसएम कॉलेज के सामने सड़क के दोनों रेहड़ी वालों ने जगह घेर ली है। जिससे सफाई कर्मियों को नालियों की सफाई करने में परेशानी होती है। वहीं संभल गेट पुलिया पर नाले पर अतिक्रमण कर लिया गया है। जिससे नाला संकरा हो गया है। जिस कारण बारिश के दौरान तेज बहाव से पानी नाले में आगे नहीं बढ़ पाता। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि मालवीय चौक और स्टेट बैंक के सामने नाला साफ नहीं हो पाता। जिससे जलभराव होता है।
-
पालिका कार्यालय के सामने ही बुक डिपो की दुकान है। जलभराव की समस्या को लेकर मैं पांच साल से अफसरों के चक्कर काट रहा हूं। मंत्रालय तक शिकायत की है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा।
विपुल महाजन, दुकानदार
पालिका कार्यालय के सामने ही बुक डिपो की दुकान है। तेज बारिश होने पर दुकान में पानी घुसने लगता है। जिससे सामान खराब होने का भय बना रहता है। कई दशक से यहां जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा। समाधान कराया जाए।
अशोक कुमार रस्तोगी, दुकानदार
एसडीएम आवास गली के सामने ही कन्फेक्शनरी की दुकान है। जरा सी बारिश में यहां सड़क पर जलभराव हो जाता है और घंटों तक सड़क से पानी नहीं उतरता। जिससे ग्राहक भी दुकान पर नहीं आते। जलभराव की समस्या से निजात दिलाई जाए।
भूपेंद्र कुमार, दुकानदार
मेरी कोतवाली के सामने ही जनरल स्टोर की दुकान है। जलभराव की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया। हर बार की तरह आश्वासन तो मिला लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा।
बल्देव मेहता, दुकानदार
मेरी मालवीय चौक पर गिफ्ट की दुकान है। तेज बारिश में होने वाले जलभराव के दौरान दुकान में पानी घुस जाता है। जिससे कई बार सामान भीग कर खराब हो गया था। बचाव में दुकान में ही सामान रखने के लिए चबूतरे बनवाए हैं।
समर्थ अग्रवाल, दुकानदार
हमारा मालवीय चौक के निकट स्कूल है। मामूली बारिश में यहां स्कूल के बाहर पानी भर जाता है। इतना ही नहीं तेज बारिश में पानी स्कूल परिसर में आ जाता है। जिससे छोटे बच्चों और अभिभावकों को आने जाने में काफी परेशानी होती है। जलभराव के दौरान दोपहिया वाहन से अभिभावक बच्चों को लाने व छोड़ने के लिए स्कूल तक नहीं आ पाते।
अनुराग भार्गव, व्यापारी।
शहर के नालों की नियमित सफाई कराई जा रही है। कई जगह अतिक्रमण की वजह से सफाई कर्मियों को परेशानी होती है। स्टेशन रोड पर बारिश से होने वाले जलभराव का कारण जानने के लिए शनिवार को जेई को भेज कर जानकारी कराई जाएगी समस्या का समाधान जल्द कराया जाएगा।
लता वार्ष्णेय, पालिकाध्यक्ष