चंदौसी। उत्तर भारत के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध मेला गणेश चौथ में इस वर्ष प्रतिभाओं का महाकुंभ दिखेगा। आयोजनों को यादगार बनाने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इसी क्रम में गणेश मंदिर स्थित मेला कार्यालय पर कार्यक्रमों के संयोजक प्रजीत कुमार लालू एवं प्रतियोगिताओं के संयोजक मेजर शशिकांत गुप्ता ने प्रस्तावित आयोजनों के पोस्टरों का विधिवत विमोचन कराया।
प्रजीत कुमार लालू ने कहा कि चंदौसी की अनेक प्रतिभाएं अपनी मेहनत और हुनर के दम पर मुंबई सहित देश के विभिन्न बड़े मंचों तक पहुंच चुकी हैं। कई बड़ी प्रतिभाएं भी मेले में आएंगी। प्रतियोगिताओं के संयोजक मेजर शशिकांत गुप्ता ने कहा कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा कराना नहीं, बल्कि चंदौसी एवं आसपास के क्षेत्र में छिपी प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें मंच प्रदान करना है।
मेला के मीडिया प्रभारी शुभम अग्रवाल ने बताया कि अलग-अलग कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं के लिए संयोजक एवं सह संयोजक नियुक्त किए गए हैं। इस अवसर पर लोकेंद्र शर्मा, सतेंद्र मामा, प्रभात कृष्णा, प्रफुल्ल कुमार, शुभम अग्रवाल मौजूद रहे।
युवा कवि सम्मेलन और शाम-ए-गजल का रहेगा आकर्षण
मेले में युवा कवि सम्मेलन और शाम-ए-गजल का आकर्षण रहेगा। मेले में रंगोली प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, कैरम, शतरंज, रस्साकशी, पतंग, मेहंदी, बहुरूपिया, बाल युगल गायन के आयोजन हैं। एक मिनट प्रतियोगिता, एकल नृत्य, बाल युगल नृत्य, गायन, अंताक्षरी, ग्रुप डांस, मां परमेश्वरी प्रताप सिंह गायन प्रतियोगिता, सुरक्षेत्र गायन प्रतियोगिता, ऑडियो लिपसिंग, सहित अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। बेबी हेल्थ शो, राष्ट्र वंदन कार्यक्रम, दिव्यांगजन समारोह, हास्य कवि सम्मेलन, बॉलीवुड स्टार नाइट, कव्वाली एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी मेले में प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगी।