बदायूं। हजरतपुर क्षेत्र के गांव आजमपुर बिसौरिया में बंदर के कूदने से कच्ची दीवार ढहने से मलबे में दबकर किसान राजपाल उर्फ पप्पू (58) की मौत हो गई।
दातागंज के सीओ अशेष नाथ सिंह के अनुसार, राजपाल शनिवार रात घर के बाहर साफ-सफाई कर रहे थे। तभी एक बंदर पास की कच्ची दीवार पर कूदा, जिससे वह भरभराकर गिर गई और राजपाल मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज और राजपाल की चीख सुनकर परिजन व ग्रामीण वहां पहुंचे। वे उन्हें मलबे से निकालकर एक अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह अविवाहित थे और अपने छोटे भाई के पास रहते थे। सीओ ने बताया कि परिजन की ओर से दी गई सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पोस्टमॉर्टम कराकर परिजन को शव दे दिया गया। संवाद