बनियाठेर(संभल)। क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी खनन का काम तेजी से चल रहा है। नरौली क्षेत्र में संभल रोड पर ट्रालियों में भरी मिट्टी गिरने से वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। बुधवार को पीटीओ यातायात योगेंद्र कुमार यादव ने गुमथल मंडी फाटक से मिट्टी लदे डंपर को पकड़ लिया। वाहन चालक पर परमिट सहित अन्य कागजात नहीं मिलने और वाहन ओवरलोड पाए जाने पर सीज करते हुए जुर्माना भी लगाया गया है। संवाद
घर में घुसकर छेड़खानी कर दुष्कर्म की कोशिश, कार्रवाई की मांग
मढ़न। असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें कहा है कि वह दो दिसंबर मंगलवार को अपने घर के बरामदे में अकेली थी। पति कहीं गांव में घूमने के लिए चले गए थे। तभी तीन युवक घर में घुस आए और मुंह दबाकर कर जबरन कमरे में खींचकर ले गए। जहां उसके साथ छेड़खानी और दुष्कर्म करने की कोशिश की। शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देख वह भाग गए। थाना प्रभारी ने बताया कि रुपये के लेनदेन में कहासुनी हुई। छेड़खानी जैसा कोई मामला नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद
लूट की झूठी सूचना देने वाले का शांतिभंग में चालान
बनियाठेर। थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। गुमथल गांव निवासी दीपा की शादी कोतवाली बिलारी के गांव चिड़िया भवन निवासी अमरपाल के साथ हुई थी, जिनका अपनी पत्नी से विवाद हो रहा था। पत्नी की सूचना पर पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने आ गई। इसका शांतिभंग में चालान कर दिया। इधर फरीदपुर खास गांव में रास्ते के निकास को लेकर पुलिस ने वीरेश का शांतिभंग में चालान किया है। इसके अलावा जनपद बरेली के थाना सिरौली के गांव बरा थानपुर निवासी विशाल ने लूट की झूठी सूचना दी थी। इसे भी शांतिभंग में भेजा है। संवाद
चोरी के आठ दिन बाद भी दर्ज नहीं हुई रिपोर्ट
सरायतरीन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव निबौरा में 26 नवंबर की देर रात चोरों ने कमरे में घुसकर संदूक के ताले तोड़कर सोने चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में पुलिस को तहरीर दी गई लेकिन आठ दिन बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। गांव निबौरा की निवासी रेखा देवी ने बताया कि पति की मौत के बाद वह बच्चों के साथ मुरादाबाद में रहती हैं। वहीं पर मेहनत मजदूरी करके बच्चों का पालन पोषण कर रही हूं। परिजनों ने चोरी की घटना की जानकारी दी थी। पुलिस को तहरीर दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी सौरभ कुमार त्यागी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। संवाद