चंदौसी। नरौली के नगर पंचायत कार्यालय के समीप बजरी लेकर आ रहा डंपर बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें आग लग गई। चालक व हेल्पर ने किसी तरह डंपर से कूदकर अपनी जान बचाई। सड़क पर लपटों से घिरे डंपर को देख फायर ब्रिगेड को किसी ने सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल दस्ते ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
नरौली से झाड़े वाले रास्ते पर हो रहे सड़क निर्माण के लिए बजरी व बदरपुर लाने वाला डंपर सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे मौके पर पहुंचा था। इसे सहादत नामक व्यक्ति चला रहा था। बजरी पलटते समय डंपर के पिछले हिस्से में बिजली लाइन का तार टच हो गया, जिससे उसमें आग लग गई। चालक डंपर को लेकर आगे बढ़ा और नगर पंचायत कार्यालय के पास रोड पर खड़ा कर जलते डंपर से कूद गया। इसके साथ ही हेल्पर भी नीचे कूदा। जिसके हाथ व पैर में चोट आ गई। सड़क पर खड़े डंपर से आग की लपटें उठती देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बारे में जानकारी होने पर बनियाठेर थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा व देहात चौकी इंचार्ज चमन सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और डंपर चालक से जानकारी ली। चालक सहादत ने बताया कि डंपर में लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।