चंदौसी। शहर वासियों को बारिश के दिनों में निजात दिलाने के लिए 18.56 करोड़ रुपये की लागत से बदायूं चुंगी से मुरादाबाद रोड स्थित चंदौसी ग्रीन सोसाइटी तक सीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा। शासन ने प्रस्ताव की स्वीकृति देते हुए दो करोड़ की धनराशि आवंटित भी कर दी है। ये बात माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने सुभाष रोड स्थित अपने आवास प्रेस वार्ता के दौरान कही।
राज्यमंत्री गुलाब देवी ने बताया कि उन्होंने जल निगम अभियंता को पत्र लिखा था कि बदायूं चुंगी से चंदौसी ग्रीन तक सीसी नाले का निर्माण होना चाहिए। इससे बारिश के दिनों में जनता को जलभराव का सामना न करना पड़े। शासन ने नाला निर्माण के लिए 18.56 करोड़ रुपये की स्वीकृति देते हुए पहली किस्त के रूप में दो करोड़ रुपये की धनराशि संबंधित खाते में भी भेज दिए हैं। जल्दी ही नाला निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
नगर पालिका परिषद चंदौसी के भवन के लिए करीब तीन करोड़ मंजूर
चंदौसी। राज्यमंत्री गुलाब देवी ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि हमारी नगर पालिका जो भी बैनामे करती है उस पर स्टाम्प का पैसा लगता है। शासन ने उसे काट कर दो करोड़ 87 लाख 56 हजार 337 रुपये पालिका को दिए हैं। जो जिलाधिकारी के माध्यम से खर्च होंगे। उन्होंने बताया कि नगर पालिका के पास अपना कोई स्थायी भवन नहीं है। इससे शासन से पालिका को भेजी गई धनराशि से पालिका का भव्य भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए वह प्रस्ताव डीएम के समक्ष रखेंगी। संवाद
-
गांव आटा में सड़क किनारे बनेगा गेस्ट हाउस
चंदौसी। राज्यमंंत्री गुलाब देवी ने बताया कि जनपद में कोई गेस्ट हाउस नहीं है। गेस्ट हाउस के लिए मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर चंदौसी के गांव आटा में भूमि मिल गई है। उस भूमि पर गेस्ट हाउस निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया था। जिसकी शासन ने मंजूरी देते हुए दो करोड़ 97 लाख छह हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। धनराशि मिलने पर शीघ्र ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। राज्यमंत्री ने बताया कि जनपद में विकास के लिए अन्य मुद्दे भी प्राथमिकता पर हैं। मझावली में स्टेडियम का निर्माण तेजी से चल रहा है। स्टेडियम बनने पर खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा उभारने के अवसर प्रदान होंगे। संवाद