जुनावई। थाना क्षेत्र के गांव से नौ दिन पहले बरात जाते समय कार इंटर कालेज से टकराने पर दूल्हे समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों के परिवार को शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए मंगलवार को सपा का एक प्रतिनिधि मंडल गांव हरगोविंदपुर पहुंचा। जहां उन्होंने परिवार में मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया। थाना क्षेत्र के हरगोविंदपुर गांव के रहने वाले सुखपाल पासी के बेटे सूरज की बरात चार जुलाई को बिल्सी थाना क्षेत्र सिरासौल गांव में राजू पासी के यहां जा रही थी। तभी शाम के साढ़े सात बजे करीब तेज रफ्तार कार कस्बे के जनता इंटर कालेज के मैन गेट पर दीवार से टकरा गई। जिसमें कार चालक रवि कुमार, दूल्हा सूरज पाल सहित आठ लोगों की मौत हो गई थी। वहीं इसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपा के प्रतिनिधि मंडल का गठन कर हरगोविंदपुर गांव में पीड़ित परिवार से मिलने का आदेश दिया था।
सपा का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार दोपहर को मृतकों के परिवार से मिलने पहुंचा। मृतक परिवार में शोक संवेदना व्यक्त करते हुए बदायूं सांसद आदित्य यादव ने बताया पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है।
इस मौके पर मौजूद बदायूं सांसद आदित्य यादव, राज्य सभा सांसद जावेद अली खां, विधायक इकबाल महमूद, रामखिलाड़ी सिंह, पिंकी यादव, नईमुल हसन उर्फ लड्डन मियां, पूर्व मंत्री प्रदीप यादव, पूर्व विधायक राजेश यादव, जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, जिला महासचिव कृष्णमुरारी, तहसील अध्यक्ष अमित यादव, अखिलेश यादव, नीरज यादव, पंकज यादव, विजय यादव आदि थे।