गुन्नौर (संभल)। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर गांव रसूलपुर के पास बृहस्पतिवार की शाम सड़क किनारे होटल के बाहर खड़े पांच लोगों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसे में गांव ईशमपुर निवासी बुजुर्ग हरिओम (65) की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में रेफर कर दिया।
गांव ईशमपुर निवासी हरिओम, गांव रसूलपुर निवास तेजराम, गांव रसूलपुर निवासी नीतू व उसकी पांच वर्षीय बेटी वंशिका और जिला बुलंदशहर के थाना डिबाई के गांव बेलोन निवासी जितेंद्र सड़क किनारे होटल के बाहर खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान गन्नौर की तरफ से आ रही कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े सभी लोगों को रौंद दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक व अन्य सवार कार छोड़कर भाग गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायलों को गुन्नौर सीएचसी भेज दिया। जहां चिकित्सक ने वृद्ध हरिओम को मृत घोषित कर दिया। जबकि चारों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हुए हैं। कार को कब्जे में ले लिया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -अखिलेश प्रधान, प्रभारी निरीक्षक, गुन्नौर