चंदौसी। लाइन खींचते समय केबिल में रोडवेज बस में फंस गई। जिससे लाइनमैन की नीचे गिरकर मौत हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए लेकिन डाक्टर ने उसे मृत घोेषित कर दिया। घटना की रिपोर्ट लिखाने को तहरीर दी जा रही है।
शहर के घटलेश्वर गेट मोहल्ला निवासी रामपाल सिंह (50) पुत्र फकीरचंद विद्युत विभाग में लाइनमैन है। बताते हैं कि शुक्रवार को अपराह्न दो बजे के करीब रामपाल सिंह नए कनेक्शन की लाइन खींचने के लिए माल गोदाम रोड पर गया था।
बताते हैं कि लाइनमैन शटडाउन लेने के बाद सीढ़ी के सहारे पोल पर चढ़ गया। केबिल को बांधने के लिए पकड़े हुए था। इसी बीच नीचे से आनंद बिहार डिपो की एक बस निकली। जिसमें केबिल फंस गई। केबिल के साथ सीढ़ी पर चढ़ा लाइनमैन भी खिंचता चला गया।
नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य विभागीय अवर अभियंता व पेट्रोल मैन ने परिजनों को सूचना दी और रामपाल सिंह को निजी चिकित्सालय ले गए। यहां से उसे राजकीय चिकित्सालय भेज दिया गया।
यहां डाक्टर ने रामपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। पत्नी आशा देवी, पुत्र रामगोपाल व मुकेश का रोते रोते बुरा हाल है। जेई अर्जुन सिंह ने बताया कि लाइनमैन की मौत ऑन ड्यूटी हुई है। वह इस मामले में बस चालक के खिलाफ तहरीर देंगे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
फोटो-