बबराला/रजपुरा। विकासखंड क्षेत्र रजपुरा के गांव पतेई नासिर में ट्रांसफार्मर फुंक जाने के बाद बिजली व्यवस्था चरमरा गई। पिछले एक माह से गांव में अंधेरा छाया हुआ है। गांव में बिजली बाधित होने चलते आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि एक माह पूर्व गांव में लगा 10 केवीए का ट्रांसफर फुंक गया था। इससे गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई और एक मोहल्ले के लगभग 30 घरों में अंधेरा छा गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से भी मामले की शिकायत की, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस मौके पर लाल सिंह, मलखान सिंह, कपिल, शिशुपाल सिंह, राजेंद्र, सोमवीर, कल्याण सिंह, रामपाल आदि मौजूद रहे। वहीं, रजपुरा के अवर अभियंता प्रवीन कुमार ने बताया कि स्टोर में 10 केवीए ट्रांसफार्मर न होने के कारण नहीं आ पाया है। जल्द ही ट्रांसफार्मर लगवा दिया जाएगा।