बहजोई। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में मान-सम्मान का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर सदस्यों ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कार्रवाई की मांग की। इस बीच एक घंटे तक चली बैठक की कार्रवाई में विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई।
शनिवार को जिला पंचायत के सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक की शुरूआत में अधिकारियों की ओर से सदस्यों का मान-सम्मान न करने का मुद्दा उठा। जिला पंचायत सदस्य रूप किशोर यादव और असगर अली अंसारी ने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारियों समेत स्थानीय अधिकारी सदस्यों का मान-सम्मान नहीं करते हैं। उन्हें अपनी बात कहने का मौका भी नहीं दिया जाता है। इससे सदस्यों को अपना मान-सम्मान बचा पाना मुश्किल हो रहा है।
इसके बाद बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम ने मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी से बोर्ड बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के अनुपस्थित रहने का मुद्दा उठाया। विधायक का कहना था कि जब अधिकारी ही बैठक में नहीं होंगे, तो फिर समस्या का समाधान कैसे हो पाएगा। इस बीच जिला पूर्ति अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग व शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मौजूद न होने पर स्पष्टीकरण तलब करने की बात रखी गई।
इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने आगामी बैठक में सभी अधिकारियों के उपस्थित रहने का आश्वासन दिया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सोनम देवी, विधायक संभल प्रतिनिधि सुहेल इकबाल समेत सदस्यों में अलताफ, अधिकारियों में अपर मुख्य अधिकारी अरुण कुमार भारती, डीएफओ डीके चतुर्वेदी, डीडीओ अरविंद कुमार, सीवीओ डा. विनोद कुमार, पीडी हरेंद्र कुमार, एआर कॉपरेटिव योगेंद्र पाल सिंह, डीएओ डा. नरेंद्र कुमार, डीपीओ अजय कुमार त्रिपाठी, डीआईओ मिथलेश कुमार, एसडीओ विद्युत ग्रामीण पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।