चंदौसी। पर्ची न मिलने क्षेत्र का गन्ना किसान परेशान है। वह मिल पर गन्ना नहीं डाल पा रहा है। किसान मिल प्रशासन पर अवैध तरीके से गन्ना खरीदे जाने का आरोप लगा रहा है। मिल पर गन्ना पड़ने से वह औने पौने दाम में कोल्हू पर बेच रहा है।
पर्ची न मिलने से किसान क्षेत्र की वीनस शुगर मिल पर गन्ना नहीं डाल पा रहा है। अगर उसे जैसे तैसे पर्ची मिल भी जाती है, तो उसके गन्ने की तोल तीन से चार दिन में हो पाती है। तब तक उसकी गन्ना ट्राली में भरा खड़ा रहता है। ऐसा नहीं कि इस दौरान मिल गन्ना नहीं खरीद रही है अथवा तोल नहीं हो रही हो। लेकिन जो गन्ना बाहर से आ रहा है उसकी तोल की जा रही है। किसानों का आरोप है कि यह गोरखधंधा मिल प्रशासन की मिली भगत से हो रहा है।
एक सप्ताह पूर्व जिला गन्ना अधिकारी कुलदीप सिंह व समिति सचिव दयाराम चेकिंग के दौरान मिल गेट के सामने से अमरोहा के धनौरा की गन्ने से भरी दो ट्राली पकड़ी थी। थाना बनियाठेर में तहरीर भी दी थी और गन्ना जब्त कर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया था।
मिल पर गन्ना न तोले जाने से किसान खासा परेशान है। गन्ना खेत से आ जाने पर वह औने पौने दाम पर उसे कोल्हू पर डाल रहा है। गन्ना किसानों का आरोप है कि मिल पर बिचौलिये सक्रिय है जिनके माध्यम से बिना पर्ची के ही गन्ना अवैध तरीके से खरीदा जा रहा है। उनके ट्रैक्टर ट्राली की मिल में इंट्री सीधे हो रही है।