चंदौसी। जारई गेट स्थित गौसिया मस्जिद के ऊपर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। जिससे मस्जिद का लिंटर क्षतिग्रस्त हो गया। आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। जेई के आश्वासन के बाद हंगामा शांत हुआ।
जारई गेट स्थित गोसिया मस्जिद के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। लाइन को हटाने के लिए समाज के लोग वर्ष 2017 में विद्युत विभाग को लिखित रूप में दे चुके हैं। लेकिन मस्जिद के ऊपर से लाइन नहीं हटाई गई है।
गुरुवार की सुबह सात बजे अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर मस्जिद की छत पर गिर गया। इससे छत का लिंटर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। एक बड़ा हादसा होने से बच गया। मस्जिद की छत पर लाइन गिरने से लोगों में रोष फैल गया। लोगों का कहना था कि वह कई बार संपूर्ण समाधान दिवस में भी इसे हटाने की मांग कर चुके हैं।
विद्युत विभाग की लापरवाही से लाइन आज तक नहीं हटाएगी है। लोगों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। लाइनमैन तार जोड़ने के लिए पहुंचा तो जेई के मौके पर आने के बाद ही लाइन जोड़ने की बात कही। करीब एक घंटे बाद जेई अर्जुन मौर्य मौके पर पहुंचे और शीघ्र ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।