चंदौसी/बनियाठेर। आगरा से दूसरे चक्र का चुनाव कराकर सुरक्षा ड्यूटी पर गए होमगार्ड आदि को लेकर लौट रही एक रोडवेज बस शुक्रवार को तड़के पौने चार बजे चंदौसी में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें बस चालक, एक शिक्षक व पांच होमगार्ड घायल हो गए। चालक व शिक्षक को रेफर किया गया है।
जनपद आगरा से लोक सभा सामान्य निर्वाचन -2019 के द्वितीय चरण को संपन्न कराने के बाद होमगार्ड कंपनी नंबर 23 रोटा जनपद मेरठ के कर्मचारियों को लेकर मेरठ डिपो की रोडवेज बस (यूपी-25 बी/3807) से मुरादाबाद लौट रही थी।
अलीगढ़-मुरादाबाद हाइवे पर होते हुए चंदौसी में बने नये बाईपास से गुजरने के बाद तड़के करीब 3.50 बजे खराब खड़े ट्रक में पीछे से भिड़ गई। अचानक हुई दुर्घटना से बस में चीख-पुकार मच गई। जल्दी-जल्दी होमगार्ड एवं अन्य कर्मचारी बस से नीचे उतरे तथा अपने अन्य घायल साथियों को निकाला। इसी दौरान किसी ने फोन कर थाना पुलिस से मदद मांगी तो थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
घायलों को तत्काल संयुक्त चिकित्सालय चंदौसी भेजा गया। डाक्टरों ने उपचार के दौरान प्राथमिक स्कूल के शिक्षक मोहम्मद इख़्तियार तथा रोडवेज बस चालक सुंदर सिंह की गंभीर अवस्था को देखते हुए संयुक्त चिकित्सालय मुरादाबाद को रेफर कर दिया। अन्य पांच होम गार्ड में चंद्रपाल सिंह ,समर सिंह राणा, जय वीर सिंह, प्रदीप कुमार, जगनंदन शर्मा आदि का उपचार करने के बाद घर भेज दिया गया। थाना पुलिस रोडवेज बस व ट्रक को अपने कब्जे में लेकर बनियाठेर थाने में खड़ा कर लिया है।