बहजोई। आईसीआईसीआई बैंककर्मी बनकर जलनिगम कर्मी के क्रेडिट कार्ड से 60 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने के आरोप में अज्ञात, फोन कॉल नंबर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।जिला मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे के गांव रामपुर भीला निवासी व बहजोई स्थित डीपीएमयू जल निगम ग्रामीण में तैनात कर्मी इस्तेखार हुसैन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर दर्ज कराए गए मामले में बताया कि बीती 10 नवंबर 2023 को 917012364913 से कॉल आई और कॉल करने वाले ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक कर्मी बताकर आई मोबाइल ऐप में रेंज ऑप्शन ऑन रखने पर क्रेडिट कार्ड से 5400 रुपये काटने को कहा। साथ ही ऑप्शन बंद रखने पर रुपये नहीं काटने की बात कही। उसने जैसे ही आई मोबाइल ऐप को ओपन किया, वैसे ही व्हाटस ऐप पर 919800018646 से एक लिंक आया जो आई मोबाइल ऐप की तरह था और यह लिंक अपने आप खुल गया। इसके बाद क्रेडिट कार्ड का जरूरी डेटा और मोबाइल स्कैन हो गया। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से 20-20 हजार रुपये तीन बार के हिसाब से कुल 60 हजार रुपये धोखाधड़ी से पेजेप के वलेट में चले गए। इससे उसे आर्थिक व मानसिक नुकसान हुआ है। प्रभारी इंस्पेक्टर सत्येंद्र पंवार ने बताया कि पूरे मामले में अज्ञात, मोबाइल नंबर 7012364913 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।