बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा में स्नान कर कमाया पुण्य
बबराला। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। गंगा तट पर पूजा-अर्चना कर मन्नत मांगी। इस मौके पर गंगा तट मां गंगा के जयकारों से गूंज उठा।
राजघाट गंगा तट पर बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार की सुबह से ही श्रद्धालुओं की पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह चार बजे से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के स्नान का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। सुबह 10 बजे मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखी। महिला श्रद्धालुओं ने स्नान करने के बाद मीना बाजार से खरीदारी की। बच्चों के लिए खेल खिलौने और घरेलू उपयोगी वस्तुओं को भी खरीदा। इससे पूर्व श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर धूप दीप और प्रसाद चढ़ाया। मां गंगा की आराधना कर मन्नत मांगी। कुछ श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों के नाम की भगत बजवाई तो कुछ ने गंगा घाट पर हवन में आहुति समर्पित की। गंगा में स्नान के दौरान श्रद्धालुओं ने मां गंगा के जयकारे लगाए। वहीं, इस बार पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को चाक चौबंद करते हुए तीन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए, जिससे बड़े वाहनों को गंगाघाट से कुछ दूरी पहले ही रोक कर उन्हें पार्क कराया गया। साथ ही दोपहिया वाहनों को ही गंगा तट तक जाने दिया गया। इस कारण जाम की स्थिति नहीं बनी।