चुनाव आचार संहिता के पालन को तैनात उड़न दस्ते ने 500 किलोग्राम मैंथा आयल पकड़ा है। इस मामले में नोटिस जारी किया गया है। मैंथा ऑयल जोया से संभल लाया जा रहा था। जांच के बाद मैंथा ऑयल को सचल दल को सौंप दिया गया है। गाड़ी सीज की गई है। इस बीच चुनाव आचार संहिता का पालन कराने के लिए लगातार चेकिंग जारी है।
असमोली पुलिस व उड़न दस्ते के प्रभारी रविवार को मनोटा पुल पर चुनाव आचार संहिता के पालन के लिए चेकिंग कर रहे थे। तभी जोया की तरफ से एक पिकअप मैक्स आई। पुलिस ने मैक्स को रोककर देखा तो तीन ड्रम में मैंथा ऑयल था। उड़न दस्ते के प्रभारी ने मैंथा ऑयल के कागज मांगे तो मैक्स चालक कागज नहीं दिखा पाया। उड़न दस्ते के प्रभारी ऋषि भूष्ण पाठक ने बताया कि यह कर चोरी का मामला है। पिकअप में करीब 500 किलोग्राम मैंथा आयल था जिसका बाजार मूल्य 4.5 लाख रुपये के करीब है। मैंथा आयल मय गाड़ी के सचल दल को सौंप दिया गया है। अगली कार्रवाई वाणिज्य कर विभाग का सचल दल करेगा।
जोया निवासी वाहन चालक ब्रह्मचंद के नाम नोटिस दिया गया है। गाड़ी को सीज करके वाणिज्यकर विभाग के मुरादाबाद स्थित कार्यालय पर खड़ा किया गया है। हयातनगर के थाना प्रभारी सुनील अहलावत ने बताया कि हयातनगर की पुलिस ने रविवार को चेकिंग की। बहजोई के बसपा नेता आरिफ मलिक, सैदनगली के सपा नेता बाबी अग्रवाल की गाड़ियों से हूटर उतरवाए हैं। दोनों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन की एनसीआर दर्ज की गई है।