नरौरा बांध से निकलता गंगा का पानी।
- फोटो : अमर उजाला
गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के बाद जुनावई क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव रघुपुर पुख्ता में गंगा का पानी बढ़कर पांच फीट हो गया है जिससे ग्रामीणों को अपने खेतों तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। जबकि इसके निकट के आधा दर्जन से अधिक गांवों में गंगा का पानी मात्र दो सौ मीटर दूर है।जहां लगभग पांच सौ किसानों की फसलें जलमग्न हो चुकी है।
अगर जलस्तर में इसी तरह वृद्धि होती रही तो ग्रामीणों को और अधिक मुसीबतों को सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है। बाढ़ चौकिया ग्रामीणों से संवाद कर पल पल की रिपोर्ट दे रही हैं।
चौधरी चरनसिंह गंगा बैराज नरौरा में गुरुवार को भी पानी का बहाव 175641 क्यूसेक प्रति सेकेंड रहा जिसके चलते गुरुवार को जुनावई क्षेत्र के गांव रघुपुर पुख्ता में पानी बढ़ कर पांच फीट हो गया। स्कूल के बच्चों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। जबकि किसानों को खेतों तक पहुंचने के लिए पानी में होकर जाना पड़ा। पशुओं को चारा लाने के लिए पानी घुसकर चारा काटा गया।
इसके अलावा गुरुवार को जुनावई क्षेत्र के शांलिंग की मढ़ईयां, नरुपुरा, मैगरा, भावरू की मढ़ईयां, बझांगी, उदियानगला, समसपुर गंग के आसपास पानी से लगभग पांच सौ किसानों की फसलें जलमग्न हो चुकी है। प्रशासन की ओर से गांव में लेखपाल व कानूनगो की टीमें लगाई गईं हैं।