बहजोई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित किए गए आवासों की किस्तों से पात्र ग्रामीणों से दो किस्तों की 50 हजार रुपये की धनराशि वसूलने की शिकायत सीडीओ से की गई है। सीडीओ ने ग्रामीणों की शिकायत के निस्तारण को लेकर पीडी को पूरे मामले की जांच सौंपी है।
बुधवार को थाना धनारी के गांव गौरीपुरा निवासी ग्रामीणों में विजयलक्ष्मी व शीशपाल की ओर से मुख्य विकास अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया गया कि योजना के तहत रोजगार सेवक की ओर से प्रथम किस्त पर बीस हजार रुपये ले लिए गए।
इसके बाद द्वितीय किस्त की रकम आने पर रोजगार सेवक ने अपने कुछ साथियों के साथ रुपये चेक करने का हवाला देते हुए उसका अंगूठा लगवा लिया और तीस हजार रुपये की धनराशि निकाल ली। धनराशि निकलने की जानकारी उसे बैंक पहुंचकर हुई।
मुख्य विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी ने बताया कि पूरे मामले की जांच को लेकर परियोजना निदेशक को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच आख्या मिलने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।