बहजोई। लोकसभा चुनाव को लेकर मतदान कार्मिकों की पोलिंग पार्टियां नगर के रेलवे स्टेशन रोड स्थित कांच फैक्टरी वाले मैदान से 22 अप्रैल 2019 को रवाना होंगी। सभी पोलिंग पार्टियों के लिए अपने-अपने बूथों तक पहुंचने के लिए बसों की व्यवस्था बड़ा मैदान पर की गई है। यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने बताया कि 23 अप्रैल 2019 को होने वाले लोकसभा चुनाव के मतदान के लिए 22 अप्रैल 2019 को कांच फैक्टरी वाले मैदान से रवाना होंगी।
पोलिंग पार्टियों में शामिल मतदान कार्मिकों को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो इसके लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मतदान कार्मिकों की पोलिंग पार्टियों को चुनाव संपन्न कराए जाने के लिए चुनाव संबंधी सामग्री वितरण को लेकर रेलवे रोड स्थित कांच फैक्टरी वाले मैदान में समुचित व्यवस्था की गई है।
साथ ही ईवीएम समेत दूसरी चुनाव सामग्री लेने की जानकारी के लिए रेलवे स्टेशन रोड पर पोलिंग पार्टी रवाना स्थल के निकट एलईडी लगाकर डिस्प्ले भी कराया जाएगा। जिससे कि मतदान कार्मिक अपनी-अपनी ईवीएम और चुनाव सामग्री प्राप्त करने संबंधी जानकारी एलईडी डिस्प्ले से आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान कार्मिक ईवीएम और चुनाव सामग्री लेकर अपने साथ बूथ पर लगे पुलिस कर्मियों समेत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में कांच फैक्टरी वाले मैदान से रेलवे स्टेशन रोड होते हुए बड़ा मैदान पर पहुंचेंगे। बड़ा मैदान में खड़ी संबंधित बसों में सवार होकर सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने पोलिंग बूथों की ओर रवाना होंगी। वह खुद पूरी व्यवस्था पर निगरानी बनाए रखेंगे।