संभल जिले का मुख्यालय तय करने के लिए इस बार कर्मचारियों से भी रायशुमारी की गई है। मंडलायुक्त राजेश कुमार सिंह के आदेश पर संभल में तैनात करीब 400 कर्मचारियों का मुख्यालय की बाबत सर्वे हुआ है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय कमेटी ने स्थलीय निरीक्षण करने के बाद रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
जिसमें कर्मचारियों के लिए आवास व दूसरी बुनियादी सुविधाओं के साथ ही मुख्यालय तक पहुंचने के लिए पब्लिक की सहूलियतों को भी ध्यान रखा गया है। ऐसी जगह को प्राथमिकता दी गई है जहां न्यूनतम बजट में मुख्यालय बन सके।
मुख्यमंत्री ने संभल जिले का मुख्यालय तय करने के लिए कमिश्नर राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर रिपोर्ट मांगी थी। इस कमेटी में विशेष सचिव राजस्व किंजल सिंह और डीएम संभल आनंद कुमार सिंह भी शामिल थे।
कमेटी ने मंगलवार को संभल जिले का दौरा किया था। मंगलवार को देर रात तक चली मीटिंग के बाद बुधवार को मंडलायुक्त ने शासन को रिपोर्ट भेज दी है। पहले भी कई बार संभल जिले के मुख्यालय को लेकर रिपोर्ट जा चुकी है। लेकिन इस बार खास बात यह है कि इसमें सरकारी कर्मचारियों से भी रायशुमारी की गई है।
शासन को भेजी रिपोर्ट में समिति ने मुख्यालय किस जगह पर सुझाया है, यह बताने के लिए अधिकारी फिलहाल तैयार नहीं हैं। अलबत्ता सूत्रों का कहना है कि बहुत जल्द शासन से मुख्यालय के नाम की घोषणा हो सकती है। जल्द ही इसके लिए बजट मिलने की भी उम्मीद है। (मुख्यालय से जुड़ीं अन्य खबरें और फोटो पेज नबंर नौ पर देखें)