खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में धान की खरीद एक अक्तूबर शुरू हो जाएगी। इस बार धान का समर्थन मूल्य 2040 रुपये व धान ए ग्रेड का मूल्य 2060 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। खरीद के लिए जिले में 39 क्रय केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं।
रबी सीजन में हुई गेहूं खरीद में जिला पिछड़ गया था। लक्ष्य के सापेक्ष खरीद नहीं हो सकी थी। धान के सीजन में भी ऐसा न हो इसके लिए प्रशासन ने पहले ही तैयारी शुरू कर दी है। जिले में 39 धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। एडीएम केके अवस्थी ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटा, छन्ना, नमी मापक यंत्र, धान व चावल की गुणवत्ता परीक्षण के लिए उपकरण की व्यवस्था एजेंसियां और मंडी समिति समय से कर लें। ताकि किसानों को कोई असुविधा न हो। बिक्री से पहले किसान शीघ्र जन सुविधा केंद्र, साइबर कैफे से खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन करा लें। खरीद के लिए पंजीकरण होना अनिवार्य है। किसानों को भुगतान उनके आधार से लिंक सक्रिय बैंक खाते में किया जाएगा। खाते को बैंक के नेशनल पेमेंट कारपोरेशन ऑफ इंडिया पर मैप किया जाना आवश्यक होगा, ताकि भुगतान के लिए किसानों को कोई असुविधा नहीं हो।
15 अक्तूबर से शुरू होगी बाजरे की खरीद
जिले में किसानों की सुविधा को देखते हुए इस बार बाजरे की भी सरकारी खरीद की जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। 15 अक्तूबर से बाजरे की खरीद शुरू हो जाएगी। संभल, चंदौसी और गुन्नौर मंडी समिति में क्रय केंद्र बनाए गए हैं।