350 families did not get electricity for three days, angry people jammed, commotion
- फोटो : SAMBHAL
संभल में बहजोई-मुरादाबाद मार्ग पर चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के नजदीक आनंद बिहार कॉलोनी के लोगों ने जाम लगा दिया। कहा कि तीन दिनों से 350 घरों को बिजली नहीं मिल रही है। गर्मी में लोग परेशान हैं। सूचना पर एसडीएम विनय कुमार मिश्र, एसडीओ शहर यशपाल सिंह और कोतवाल ओमकार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जाम लगा रहे लोगों को समझाया और जाम खुलवाया। इस दौरान करीब 30 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। एसडीएम ने जाम लगाने वाले लोगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे आनंद बिहार कॉलोनी के लोग चौधरी चरण सिंह पार्क के पास एकत्र हुए और संभल-बहजोई मार्ग पर ड्रम लगाकर जाम लगा दिया। इस दौरान काफी हंगामा भी किया गया। जाम लगने की सूचना पर एसडीएम और कोतवाल पहुंच गए। एसडीएम को लोगों ने बताया कि तीन दिन से बिजली की आपूर्ति समय से नहीं हो पा रही है। करीब 350 घरों के लोग गर्मी से बेहाल हैं। ट्रांसफार्मर खराब हो गया था विभाग ने दूसरा लगवाया तो वह भी खराब है। रक्षाबंधन पर मेहमान आए हुए हैं तो बिजली न मिलने से परेशानी ज्यादा बढ़ गई है। एसडीएम ने समाधान कराने का आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया। करीब आधा घंटे लगे जाम के दौरान वाहनों की कतारें मुरादाबाद और बहजोई मार्ग पर लग गईं।
बिजली की समस्या को लेेकर लोग एकत्र हो गए थे। उन्होंने बहजोई-मुरादाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया है और जिन लोगों ने जाम लगाया उन्हें चिह्ति कर कार्रवाई के लिए कोतवाल को निर्देश दिए हैं।
विनय कुमार मिश्र, एसडीएम, संभल
ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। दूसरा ट्रांसफार्मर लगवा दिया था लेकिन उसमें भी तकनीकी समस्या निकली। इसलिए बिजली की समस्या हो गई। अब एक और ट्रांसफार्मर मुरादाबाद से मंगाया है। फिलहाल कॉलोनी की लाइन चालू भी कर दी है जिससे लोगों को बिजली की समस्या न हो।
यशपाल सिंह, एसडीओ शहर, संभल