सीबीएसई तथा आईसीएसई विद्यालयों में संचालित निजी प्रकाशकों की पुस्तकों के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएम ने जिले के 33 विद्यालयों पर कार्रवाई करते हुए एक-लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माने की धनराशि भारतीय स्टेट बैंक बहजोई में एक सप्ताह के भीतर जमा कर जमा रसीद जिला विद्यालय निरीक्षक के समक्ष प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।
बता दें कि अभिभावकों की शिकायतों पर 12 अप्रैल को डीएम राजेंद्र पैंसिया की ओर से नामित किए गए जांच अधिकारियों ने जिले भर के सीबीएसई और आईसीएसई विद्यालयों में छापा मारा था। छापे के दौरान विद्यालयों में निजी प्रकाशकों की पुस्तकों से शिक्षण कार्य होता मिल था। साथ ही विद्यालयों की ओर से चिह्नित बुक डिपो से ही पुस्तकें खरीदने के लिए अभिभावकों को बाध्य किया जा रहा था। जनपदीय अधिकारियों की ओर से जांच रिपोर्ट जिला शुल्क नियामक समिति को 17 अप्रैल को सौंप दी गई थी।
समिति ने जांच रिपोर्ट का परीक्षण किया। इसमें पाया गया कि विद्यालयों में एनसीईआरटी की पुस्तकों को दरकिनार कर निजी प्रकाशकों की पुस्तकें पढ़ाई जा रही हैं। इतना ही नहीं छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को कुछ चिह्नित दुकानों से ही निजी प्रकाशकों की पुस्तकें खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा था।
डीएम के मुताबिक उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनयमन) अधिनियम 2018 के अध्याय दो की धारा 8 की उप धारा 10 (क) की श्रेणी में आता है। इसको लेकर इन प्रत्येक विद्यालयों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
छात्र-छात्राओं से फीस वसूली की भी की गई जांच
डीआईओएस श्यामा कुमार ने बताया कि अभिभावकों की शिकायत पर विद्यालयों में फीस वसूली की जांच कराई गई थी। जिला प्रशासन की ओर से चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) को तैनात कर इन विद्यालयों में फीस वसूली का ऑडिट कराया जा रहा है। बताया कि ऑडिट के लिए इन विद्यालयों को प्रारूप पत्र देकर तीन साल की फीस का डाटा मांगा गया था। अधिकांश विद्यालयों से डाटा उपलब्ध करा दिया गया है। अब इस प्रारूप का सीए की ओर से परीक्षण करने के बाद ये डाटा जिला शुल्क नियामक समिति को उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके बाद समिति की ओर से दिए गए निर्णय के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इन विद्यालयों पर लगाया गया जुर्माना
बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल संभल, सीपीएएके स्कूल बहजोई, सिल्वर स्टोन सी. से. स्कूल बहजोई, केएचएमसी पब्लिक स्कूल बहजोई, सेंट मेरी सी. से. स्कूल संभल, डीएवी सी. से. फर्टीलाइजर पब्लिक स्कूल बबराला, आरआरके सी. से. स्कूल चंदौसी, एंथोनी सी. से. स्कूल दुगावर असमोली, मुमताज मॉडर्न सी. से. स्कूल इकरौतिया असमोली, कायनात इंटरनेशनल स्कूल संभल, सरस्वती विद्या मंदिर सी. से. स्कूल दीनदयालपुरम संभल, जेकेईटी कॉन्वेंट स्कूल जुनावई, केंद्रीय विद्यालय सी. से. स्कूल सिहावली रजपुरा, एकेडमी ऑफ मॉर्डन लर्निंग सेकेंडरी स्कूल गुन्नौर, ओपीजीएम सी. से. स्कूल चंदौसी, डीपी विद्यापीठ सी. से. स्कूल धनारी, सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट सी. से. स्कूल चंदौसी, एएम वर्ल्ड सी. से. स्कूल चंदौसी, गोया वर्ल्ड सी. से. स्कूल रामपुर जट संभल, मिशन इंटरनेशनल सी. से. स्कूल संभल, सेंट मेरी सेकेंडरी स्कूल फतेहउल्लागंज शाहपुर संभल, एंजल्स पब्लिक सी. से. स्कूल संभल, ब्लूमिंग वड्स सेकेंडरी स्कूल संभल, होलीशुफा पब्लिक स्कूल तुर्तीपुरा संभल, शशि मदान सेकेंडरी स्कूल मझावली चंदौसी, भगतजी सी. से. इंटरनेशनल स्कूल बहजोई, एंग्लोवैदिक कॉन्वेंट सी. से. स्कूल बहजोई, सिल्वर स्टोन सी. से. पब्लिक स्कूल मौलागढ़ चंदौसी, एचएम ग्लोबल सी. से. स्कूल संभल, बाहमन सी. से. पब्लिक स्कूल सिरसी संभल, न्यू सत्यम सी. से. स्कूल चंदौसी, डीएएम सी. से. स्कूल गुन्नौर और द गुरुकुल पब्लिक स्कूल संभल समेत 33 विद्यालयों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।