असमोली। असमोली के गांव सैदपुुर जसकोली के नजदीक अनियंत्रित होकर पटली कार में आग लग गई। गनीमत रही कि आग लगने से पहले कार में सवार चालक और सवारियां को ग्रामीणों ने बाहर निकाल लिया था। हालांकि कार में आग लगने से किसान की काफी ईंख जल गई है। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग पर किसी तरह काबू पाया। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
गुरुवार को नखासा थाना क्षेत्र के गांव मुकर्रबपुर निवासी रजा अपने दो साथियों के साथ असमोली रिश्तेदारी में गए थे। घर लौटते समय गांव सैदपुर जसकोली के निकट मारूति कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा होता देख दौड़े ग्रामीणों ने आनन फानन में कार चालक और सवारियों को बहार निकाला। कुछ ही देर में गाड़ी में अचानक आग लग गई। कार में उठी आग की लपटों ने पास में खड़ी ईख की फसल को भी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में नलकूप चला आग पर काबू पाया। जब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार में आग लगने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि कार में रसोई वाला गैस इस्तेमाल किया जा रहा था। जिससे आग लगी है। इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है।